कोरोना अपडेट: एक दिन में पूरे देश के कुल मौतों का 40 प्रतिशत अकेले महाराष्ट्र में
सुमन कुमार
देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 10 लाख के पार बनी हुई है। हालांकि देश में कुल कोरोना मरीजों के मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 79 प्रतिशत के करीब हो गया है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 41 लाख के पार है। यही नहीं देश में 24 घंटे में नए मरीजों की संख्या 97 हजार के करीब रही है। 24 घंटे में मरने वालों का आंकड़ा 11 सौ से ऊपर है। मरने वालों में सबसे अधिक 468 अकेले महाराष्ट्र से हैं वहीं तमिलनाडु, पंजाब जैसे राज्यों में मृतकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है।
देश में क्या है मरीजों की स्थिति
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार की देर रात तक भारत में कोरोना वायरस के कुल एक्टिव पीड़ितों की संख्या 10,17,754 पहुंच गई है। दूसरी ओर ठीक हो चुके मरीजों का आंकड़ा 41 लाख के पार है। देश में 41,12,551 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। जहां तक देश में कुल कोरोना संक्रमित हुए लोगों का सवाल है तो देश में 52,14,684 कुल संक्रमित अब तक सामने आए हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस संक्रमण से पूरे देश में 84,372लोगों की मौत हो चुकी है यानी कुल मरीजों में 1.62 प्रतिशत को बचाया नहीं जा सका है। देश में कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 78.86 प्रतिशत पहुंच गया है जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 20 प्रतिशत के करीब (19.52) है। पिछले 24 घंटे में 82961 लोगों ने कोरोना को हराने में कामयाबी पायी है।
वैसे देश में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा गुरुवार को 97 हजार के करीब रहा है जो कि दो दिन पहले 90 हजार के करीब था। 24 घंटे में कोरोना मृतकों की संख्या 11 सौ से ऊपर बनी हुई है। पूरे देश में गुरुवार को 96424 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं। नए मरीजों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र में डरावनी तस्वीर बनी हुई है। राज्य में एक दिन में 24619 नए मरीज सामने आए हैं जो कि पूरे देश के नए मामलों का करीब 25 प्रतिशत है। यही नहीं, राज्य में एक दिन में 468 लोगों की कोरोना से मौत हो गई है जो कि देश में एक दिन में कोरोना से होने वाली कुल मौतों का करीब 40 प्रतिशत है। पूरे देश में एक दिन में 1174 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।
बात अगर देश की राजधानी दिल्ली की करें तो यहां पिछले 24 घंटे में नए मरीजों की संख्या 4432 रही है। कुल नए मरीजों का करीब 77 प्रतिशत हिस्सा देश के सिर्फ 10 राज्यों में सिमटा है जबकि करीब 96 प्रतिशत हिस्सा देश के 20 राज्यों में सिमटा है। कर्नाटक में 9366, आंध्र प्रदेश में 8702, यूपी में 6029, तमिलनाडु में 5560, केरल में 4351, ओडिशा में 4241, छत्तीसगढ़ में 3809, बंगाल में 3197, पंजाब में 2848, हरियाणा में 2457, मध्य प्रदेश में 2391, तेलंगाना में 2043, राजस्थान में 1793, बिहार में 1588, जम्मू एवं कश्मीर में 1467 असम में 1380, गुजरात में 1379 और झारखंड में 1026 नए मरीज सामने आए हैं।
देश में कितने टेस्ट
देश में कोरोना के टेस्ट की संख्या गुरुवार को 11 लाख के नीचे रही। शुक्रवार को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार देश में 24 घंटे में 10 लाख 6 हजार 615 टेस्ट हुए हैं जबकि देश में कुल टेस्ट की संख्या छह करोड़ 15 लाख 72 हजार 343 पहुंच गयी है।
पढ़ें- कोरोना वायरस की हर जानकारी और मदद के लिए यहां देखें राज्यवार हेल्पलाइन नंबर
किस राज्य में कितनी मौतें
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर शुक्रवार को अपडेट किए गए डाटा के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1174 मौतें हुई हैं। कुल मौतों में से 40 प्रतिशत अकेले महाराष्ट्र में जबकि करीब 71 प्रतिशत मौतें सिर्फ 6 राज्यों में हुई हैं। महाराष्ट्र में 468, कर्नाटक में 93, यूपी में 81, आंध्र प्रदेश में 72, बंगाल में 60 और तमिलनाडु में 59 मौतें हुई हैं। शेष करीब 28 प्रतिशत मौतें देश के 23 राज्यों में हुई हैं। इनमें से पंजाब में 54, दिल्ली में 38, मध्य प्रदेश में 33, हरियाणा में 24, जम्मू कश्मीर में 19, छत्तीसगढ़ में 17, असम में 17, गुजरात में 14, राजस्थान में 14, पुडुचेरी में 13, उत्तराखंड में 13, ओडिशा में 13, तेलंगाना में 11, झारखंड में 11, केरल में 9, गोवा में 8, हिमाचल प्रदेश में 7, बिहार में 7, त्रिपुरा में 6, चंडीगढ़ में 5, मणिपुर में 3, सिक्किम में 3 और मेघालय में 2 मौत हुई है।
इसे भी पढ़ें-
Comments (0)
Facebook Comments (0)